Jabalpur News: लटकारी पड़ाव में गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद, युवक पर चाकू व डंडे से हमला – अस्पताल में भर्ती

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना लार्डगंज क्षेत्र में गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। देर रात तीन युवकों ने मिलकर एक युवक पर चाकू, डंडा और पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीड़ित के बड़े भाई हिमांशु दाहिया (32), निवासी लटकारी का पड़ाव, ने पुलिस को बताया कि रात लगभग 12:45 बजे मोहल्ले के आयुष राठौर ने मोबाइल पर कॉल कर सूचना दी कि उसके छोटे भाई दीपांशु उर्फ सचिन (27) को पत्रकार भवन के सामने बारदाने वाली गली में कुछ लड़कों ने मारपीट कर दी है।

हिमांशु मौके पर पहुंचा तो देखा कि दीपांशु के सिर और दाहिनी जांघ में गंभीर चोटें थीं। घायल ने बताया कि गाड़ी खड़ी करने की बात पर उसका चिंटू से विवाद हो गया था। इसी पर चिंटू और उसके दो साथियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। चिंटू ने चाकू से वार किया, जबकि बाकी दोनों ने पत्थर और डंडे से प्रहार किए।

घायल को उपचार हेतु विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 109, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post