Jabalpur News: कलेक्शन एजेंट से लूट, आंख में मिर्ची डालकर 1.37 लाख रुपये और सामान छीनकर फरार हुए बदमाश

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना भेड़ाघाट क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने सनसनी फैला दी है। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे ग्राम सिलुआ-बहदन रोड पर दो अज्ञात बदमाशों ने कलेक्शन एजेंट की आंख में मिर्ची डालकर मारपीट की और 1,37,649 रुपये नगद, सैमसंग कंपनी का टैबलेट, चार्जर और बायोमेट्रिक मशीन से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

पीड़ित विष्णु पाल (20), निवासी ग्राम पिण्डरई पांजी, वर्तमान में धनवंतरी नगर में किराये पर रहकर मर्ज भारत फाइनेंस कंपनी में संगम मैनेजर (कलेक्शन एजेंट) का काम करता है। वह बहदन, सिलुआ और जमुनिया के समूहों से लोन की किश्तें वसूल कर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह बहदन के पास इनायत भाईजान के खेत के सामने पहुंचा, एक युवक ने रास्ता रोककर उसकी मां की किश्त लेने की बात कही। इसी दौरान दूसरे युवक ने उसकी आंख में मिर्ची डाल दी और दोनों ने मिलकर बैग लूट लिया।

हमले में विष्णु पाल को पसली और सीने में अंदरूनी चोटें आईं, साथ ही आंख में तेज जलन हुई। पीड़ित ने खेत में पानी से आंख धोकर तुरंत अपने ब्रांच मैनेजर को सूचना दी।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी भेड़ाघाट कमलेश चौरिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post