दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना विजयनगर क्षेत्र स्थित मेडीजोन अस्पताल में 17 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे तीन युवकों द्वारा सुअरमार बम फेंके जाने की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 48 घंटे के भीतर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के आदेशानुसार, अति. पुलिस अधीक्षक (शहर) आनंद कलादगी और नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल संभाग बी.एस. गौठरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजयनगर वीरेन्द्र सिंह पवार की टीम ने आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम अमन चक्रवर्ती पिता संतोष चक्रवर्ती (21 वर्ष) निवासी गुप्तेश्वर कुम्हार मोहल्ला गोरखपुर जबलपुर, रोहित झारिया पिता सोहन झारिया (19 वर्ष) निवासी कैलाशपुरी गुप्तेश्वर मंदिर गोरखपुर एवं एक अपचारी बालक बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद तत्काल मामला अप. क्रमांक 404/2025 धारा 288, 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। जांच के दौरान घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा मुखबिरों से भी जानकारी जुटाई गई। मुखबिर की सूचना पर विजयनगर क्षेत्र में घूम रहे तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने दहशत फैलाने की नियत से मेडीजोन अस्पताल में बम फेंकने की बात कबूल की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में मारपीट और आबकारी संबंधी अपराध भी दर्ज हैं।