MP News: महिला पर ब्लेड से हमला, कुत्ते की गंदगी को लेकर शुरू हुआ विवाद, आरोपी फरार

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। हजीरा थाना क्षेत्र स्थित इंद्रा नगर में शनिवार शाम एक महिला पर उसके पड़ोसी ने ब्लेड से हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब महिला अपनी देवरानी और बच्चों के साथ सैर पर निकली थी। हमले में महिला के गले और हाथ पर गंभीर चोटें आईं।

पीड़िता दीप्ति (35) पत्नी राजेंद्र प्रजापति गृहिणी हैं। उनके पड़ोसी सुनील चौहान के पालतू कुत्ते की वजह से अक्सर घर के सामने गंदगी हो जाती थी। कई बार समझाने के बाद भी सुनील ने कुत्ते को नहीं बांधा। दो दिन पहले इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। उसी रंजिश में सुनील ने वारदात को अंजाम दिया।

“आज मौका है” कहकर किया वार

शनिवार शाम जब दीप्ति परिवार के साथ पार्क जा रही थी, तभी रास्ते में आरोपी मिला और गाली-गलौच करने लगा। विरोध करने पर उसने जेब से ब्लेड निकालकर हमला कर दिया। पहला वार महिला के गले पर और दूसरा हाथ पर किया गया। समय रहते महिला पीछे हट गई, वरना हमला और खतरनाक हो सकता था।

धमकी देकर भागा आरोपी

हमले के बाद जब आसपास लोग जमा होने लगे, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घायल महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस

हजीरा थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह सेंगर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम उसकी तलाश में दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post