Jabalpur News: शादी का झांसा देकर नाबालिग को मुंबई और हैदराबाद ले गया युवक, फिर किया दुष्कर्म

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नुनसर पुलिस चौकी क्षेत्र से एक नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का संगीन मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सचिन गौंड, निवासी सिवनी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा दिया और अपने साथ जाने के लिए बहलाया-फुसलाया। इसके बाद वह नाबालिग को लेकर मुंबई और हैदराबाद पहुंचा, जहां उसने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी लंबे समय तक नाबालिग को अपने कब्जे में रखकर विभिन्न स्थानों पर घूमता रहा।

पीड़िता ने साहस जुटाकर की शिकायत

पीड़िता किसी तरह आरोपी की गिरफ्त से बाहर निकलने में सफल रही। परिजनों के साथ उसने नुनसर पुलिस चौकी पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की।

सिवनी से आरोपी की गिरफ्तारी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी सिवनी में छिपा हुआ है। इसके बाद टीम ने दबिश दी और आरोपी को वहीं से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post