Jabalpur News: बरगी बांध के 9 गेट खुले, नर्मदा का जलस्तर 6 फीट बढ़ने का अनुमान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लगातार बारिश ने एक बार फिर बरगी बांध का जलस्तर बढ़ा दिया है। डिंडोरी और मंडला जिलों में हुई भारी बारिश के कारण शुक्रवार सुबह 10 बजे बरगी बांध प्रबंधन ने चार और गेट खोल दिए। अब कुल 9 गेटों से 1096 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे नर्मदा नदी का जलस्तर 5 से 6 फीट तक बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने नर्मदा घाटों और तटीय क्षेत्रों में लोगों से सतर्क रहने और दूरी बनाए रखने की अपील की है।

बांध 422.76 मीटर तक भर चुका है। पहले 2 सितंबर को पांच गेट खोले गए थे, जिनसे 395 क्यूमेक पानी छोड़ा गया था। इसके बाद भी जलस्तर स्थिर रहा और 12 सितंबर को भी बांध में पानी 422.76 मीटर दर्ज किया गया। स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को अतिरिक्त चार गेट खोले गए, जिससे पानी का डिस्चार्ज बढ़कर 1096 क्यूमेक हो गया। वर्तमान में बांध की उपयोगी क्षमता 3180 mcm (100%) है और पानी की आवक 897 क्यूमेक दर्ज की गई है।

बरगी बांध के गेट इस मानसून सीजन में तीसरी बार खोले गए हैं। इससे पहले 26 अगस्त को लगातार बारिश के चलते 9 गेट खोले गए थे, जिन्हें 28 अगस्त को बंद किया गया। इसके बाद 9 सितंबर को फिर 9 गेट खोले गए, लेकिन जलस्तर घटने पर चार गेट बंद कर दिए गए थे। अब जलस्तर बढ़ने पर उन्हें दोबारा खोल दिया गया है।

बरगी बांध प्रबंधन और प्रशासन ने लोगों को आगाह किया है कि नर्मदा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में घाटों पर स्नान, पूजा-पाठ या अन्य गतिविधियों से बचें और नदी के किनारे सतर्कता बरतें। यह एहतियात जनसुरक्षा के लिए अनिवार्य बताया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post