Jabalpur News: जबलपुर में भाजपा जिला कार्यकारिणी गठन की सुगबुगाहट तेज, सभी गुटों को साधना नगर अध्यक्ष के लिए बड़ी चुनौती

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भाजपा की हरदा, मऊगंज, सागर ग्रामीण और देवास जैसे जिलों की कार्यकारिणी घोषित होने के बाद अब जबलपुर की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा जोरों पर है कि भाजपा की जिला कार्यकारिणी के गठन की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।

नेताओं में सक्रियता, आकाओं के दरबार में बढ़ी चहलकदमी

जिला कार्यकारिणी में जगह बनाने के इच्छुक नेता अब अपने राजनीतिक आकाओं के दरबार में दस्तक देने लगे हैं। कई नेता इन दिनों अपने-अपने गुटों के वरिष्ठ नेताओं के आगे-पीछे सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। संगठन के भीतर पदाधिकारी बनने की चाह रखने वाले नेता इसे अपनी प्रतिष्ठा का विषय मान रहे हैं, क्योंकि जिला कार्यकारिणी में जगह मिलने का मतलब है संगठन और सत्ता, दोनों में मजबूत पकड़।

नगर अध्यक्ष के सामने चुनौती

वर्तमान नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि वह किस तरह सभी गुटों को साथ लेकर जिला कार्यकारिणी का गठन करें। पिछले कार्यकाल में जी.एस. ठाकुर ने जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया था, उसके बाद प्रभात साहू नगर अध्यक्ष बने, लेकिन वे अपनी कार्यकारिणी घोषित नहीं कर पाए और पुराने चेहरों को साथ लेकर संगठन चलाते रहे। 

राकेश सिंह का बढ़ेगा प्रभाव

रत्नेश सोनकर को लोक निर्माण मंत्री और जबलपुर के दिग्गज नेता राकेश सिंह का करीबी माना जाता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी जिला कार्यकारिणी में राकेश सिंह का दबदबा स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। वहीं, संगठन के अन्य गुट भी अपने-अपने समर्थकों को पदों पर जगह दिलाने के लिए सक्रिय हो चुके हैं।

संतुलन साधना आसान नहीं

भाजपा का जबलपुर जिला संगठन कई गुटों में बंटा हुआ है। इसमें वरिष्ठ नेताओं के समर्थक, युवा मोर्चा से जुड़े कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की सक्रिय कार्यकर्ता और संगठन के पुराने चेहरे सब शामिल हैं। ऐसे में नगर अध्यक्ष सोनकर के लिए यह आसान नहीं होगा कि वह सभी गुटों के बीच संतुलन साधकर सर्वमान्य कार्यकारिणी पेश करें।

कार्यकर्ताओं की नजर दिल्ली-भोपाल की ओर

जिला कार्यकारिणी गठन को लेकर कार्यकर्ताओं की नजरें केवल जबलपुर ही नहीं, बल्कि भोपाल और दिल्ली की ओर भी टिकी हुई हैं। प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व की मंशा भी अंतिम सूची में अहम भूमिका निभाएगी।

आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर होगा गठन

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जबलपुर जिला कार्यकारिणी का गठन आने वाले नगर निगम और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर होगा। इसलिए संगठन में नए और ऊर्जावान चेहरों को भी शामिल किए जाने की संभावना है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जबलपुर भाजपा जिला कार्यकारिणी में किसे जगह मिलती है और कौन संगठन में हाशिए पर चला जाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post