दैनिक सांध्य बन्धु बुरहानपुर। दहेज प्रथा की काली तस्वीर बुरहानपुर से सामने आई है। यहां एक युवती की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले युवक पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोप है कि युवक ने युवती को शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता रहा और निकाह के दिन अचानक 5 लाख रुपये नकद दहेज की मांग कर बारात लाने से इनकार कर दिया।
गणपति नाका क्षेत्र की रहने वाली युवती मुंबई में ऑपरेशन थिएटर टेक्नीशियन है। दो साल पहले उसकी पहचान शेख सूफीयान पिता नईम अहमद से हुई थी। नजदीकियां बढ़ीं और शादी का प्रस्ताव रखा गया। आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर कई बार संबंध बनाता रहा और वीडियो बनाकर धमकाता था।
12 अप्रैल 2025 को दोनों की सगाई भी हो गई थी। इसके बाद दोनों मुंबई में साथ रहने लगे। अगस्त में युवक फिर बुरहानपुर लौटा और युवती पर दबाव बनाता रहा।
निकाह के दिन मांगे 5 लाख रुपये
31 अगस्त को निकाह तय हुआ था। दुल्हन हाथों में मेहंदी लगाए बैठी रही लेकिन निकाह से कुछ घंटे पहले ही सूफीयान ने साफ कह दिया कि 5 लाख रुपये नकद दहेज लाओ, तभी निकाह होगा। पैसे न मिलने पर उसने बारात ही नहीं लाई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
युवती ने एसपी से शिकायत की। इसके बाद गणपति नाका थाना पुलिस ने आरोपी सूफीयान पिता नईम अहमद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 69 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 की धारा 3 व 4 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
