दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज अतुल सिंह (भा.पु.से.) ने पुलिस लाइन्स जबलपुर स्थित परेड ग्राउंड पर वार्षिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी, सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी शहर/देहात तथा रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य सहित लगभग 200 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान रक्षित निरीक्षक ने डीआईजी को सलामी दी। इसके बाद डीआईजी अतुल सिंह ने पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के साथ परेड में शामिल अधिकारी-कर्मचारियों का निरीक्षण किया और अच्छे टर्नआउट वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया।
इसके उपरांत डीआईजी पुलिस लाइन कार्यालय पहुंचे, जहां क्वार्टर गार्ड कमांडर सूबेदार मनीष नावेरिया एवं उनकी टीम ने सलामी दी। उन्होंने स्टोर शाखा, आर्मोरी शाखा, वाहन शाखा, रोजनामचा कक्ष आदि का बारीकी से निरीक्षण किया।पुलिस लाइन में संचालित जनकल्याणकारी गतिविधियों का भी उन्होंने अवलोकन किया। इसमें लर्निंग सेंटर, सी.पी.सी. कैंटीन, बैडमिंटन हॉल और जिम जैसी सुविधाओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की।
डीआईजी ने निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को अनुशासन, फिटनेस और जनहितकारी गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
Tags
jabalpur

