दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। विश्वविख्यात धवल संगमरमर की वादियों और धुआंधार जलप्रपात के किनारे इस बार शरद पूर्णिमा पर भव्य नर्मदा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 5 और 6 अक्टूबर को होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव में देश के ख्यातिलब्ध भजन गायक लखवीर सिंह लक्खा, मैथिली ठाकुर और अभिलिप्सा पांडा अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बनाएंगे।
मध्यप्रदेश संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय, जबलपुर पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (जेएटीसीसी), नगर निगम जबलपुर और भेड़ाघाट नगर परिषद के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं।
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मंच, टेंट, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, शौचालय सहित सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही फोटोग्राफी प्रतियोगिता की भी घोषणा की गई है, जिसमें मां नर्मदा के प्राकृतिक सौंदर्य को कैमरे में कैद करने वाले विजेताओं को 11 हजार, 7,100 और 5,100 रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार 5 अक्टूबर को पुरी की गायिका अभिलिप्सा पांडा और मधुबनी की मैथिली ठाकुर भजनों की प्रस्तुति देंगी। 6 अक्टूबर को पंजाब के प्रसिद्ध गायक लखवीर सिंह लक्खा भजनों से संगमरमर की वादियों को गूंजायेंगे। नर्मदा महोत्सव अपने 21वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और इस बार विशेष रूप से भव्य स्वरूप में आयोजित होगा।