दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर थाना पुलिस ने नकली बीड़ी बनाने वाले कारखाने का भंडाफोड़ किया है। नालबंद मोहल्ला निवासी शाहनवाज हुसैन (32) अपने घर पर ही न्यू कैल्कुलेटर ब्रांड के नाम से नकली बीड़ी बनाकर बाजार में सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा और बड़ी मात्रा में बीड़ी व पैकिंग सामग्री जब्त की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 40 खाली पैकेट, 7 बोरी में 275 पैकेट (प्रत्येक पैकेट में 20 छोटे बंडल), 5 किलो खुली बीड़ी, न्यू कैल्कुलेटर बीड़ी के पैकेट व 2 पंचिंग मशीन जब्त की।
थाना प्रभारी रितेश पांडे को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि शाहनवाज नकली बीड़ी तैयार कर बेचने की तैयारी में है। पुलिस टीम ने दबिश दी तो आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में शाहनवाज ने स्वीकारा कि वह घर पर ही बीड़ी बनाकर पैकिंग करता है। इसके लिए उसने कंपनी के नाम से नकली पैकेट प्रिंट करवा रखे थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 63, 65 कॉपीराइट एक्ट 1957 और 103 ट्रेडमार्क अधिनियम 1999 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी रितेश पांडे सहित पूरी पुलिस टीम शामिल रही।
