Jabalpur News: ताप्ती गंगा एक्सप्रेस में गूंजा किलकारी, महिला ने दिया बच्चे को जन्म

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सूरत से भागलपुर जा रही ताप्ती गंगा एक्सप्रेस (22947) में सफर कर रही एक गर्भवती महिला ने यात्रा के दौरान ही बच्चे को जन्म दिया। जैसे ही ट्रेन जबलपुर स्टेशन पहुंची, रेलवे पुलिस बल (RPF) और रेलवे के मेडिकल स्टाफ ने तुरंत मदद कर मां और बच्चे को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। दोनों स्वस्थ हैं।

यह घटना ‘ऑपरेशन मातृशक्ति’ की सफलता का उदाहरण बन गई। RPF प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि ट्रेन के एस-3 कोच में बर्थ संख्या 77-78 पर सवार महिला को प्रसव पीड़ा हुई। ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहुंचते ही प्रधान आरक्षक रजनीश शुक्ला और आरक्षक रामनारायण यादव ने यात्रियों से पुष्टि की। इसी दौरान महिला बच्चे को जन्म दे चुकी थी।

महिला आरक्षक सुषमा पटेल और रेलवे की डॉक्टर पल्लवी मौके पर पहुंचीं और मां-बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस से उन्हें एल्गिन अस्पताल भेजा गया।

महिला के पति भावेश कुमार, जो दमन में बैग फैक्ट्री में काम करते हैं, ने बताया कि वे पत्नी निशा को डिलीवरी के लिए बिहार के भागलपुर स्थित घर ले जा रहे थे। जबलपुर से करीब 35 किमी पहले ही अचानक दर्द शुरू हो गया। उन्होंने RPF की त्वरित मदद के लिए आभार जताया।

Post a Comment

Previous Post Next Post