दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नवरात्रि पर्व के दौरान जबलपुर शहर में उमड़ी भारी भीड़ के बीच एक पुलिस आरक्षक ने मानवता की मिसाल पेश की। ट्रैफिक पुलिस आरक्षक जितेंद्र दुबे ने सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को अपनी पीठ पर लादकर 100 मीटर दूर अस्पताल पहुँचाया।
रविवार रात करीब 10 बजे आगा चौक के पास एक अज्ञात वाहन ने महिला को टक्कर मार दी थी। महिला स्कूटी सहित सड़क पर गिर गई और उसके पैर में गंभीर चोट आई, जिससे खून बहने लगा। मौके पर भीड़ मौजूद होने के बावजूद किसी ने मदद नहीं की।
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात आरक्षक जितेंद्र दुबे ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी और खुद महिला को पीठ पर उठाकर नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया और अब महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एएसपी अंजना तिवारी ने आरक्षक दुबे के साहस और तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि नवरात्रि में ट्रैफिक व्यवस्था संभालना प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन ऐसे समय में इंसानियत दिखाना पुलिस की असली पहचान है।
आरक्षक दुबे का कहना है कि महिला अब स्वस्थ हैं और उनकी स्कूटी भी हादसे में क्षतिग्रस्त हो गई थी।