Jabalpur News: भिटौनी रेलवे स्टेशन पर रेल इंजन पटरी से उतरा, एक घंटे बाधित रहा ट्रैक

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रेल मंडल जबलपुर के भिटौनी रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। यहां एक रेल इंजन संटिंग के दौरान पटरी से उतर गया, जिसके चलते रेल ट्रैक करीब एक घंटे तक बाधित रहा। हालांकि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन पर खतरे का हूटर बजने लगा। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए अधिकारी और कर्मचारी तुरंत अलर्ट मोड पर आ गए। दुर्घटना राहत गाड़ी (एआरटी वेन) मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से इंजन को दोबारा पटरी पर चढ़ाया गया।

जबलपुर रेल मंडल के वाणिज्यिक अधिकारी ने बताया कि हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ था। इंजन को पटरी पर लाने के बाद टूटे हुए स्लीपरों को बदलकर नए स्लीपर डाले गए और ट्रैक को मजबूत कर दिया गया। पूरी प्रक्रिया में लगभग एक घंटे का समय लगा। इसके बाद यार्ड में दोबारा रैकों की आवाजाही शुरू हो सकी।

भिटौनी रेलवे यार्ड में इंजन या बोगियों का पटरी से उतरना कोई नई बात नहीं है। अक्सर यहां इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। अधिकारी बताते हैं कि सबसे ज्यादा दिक्कत तब होती है जब इंजन या बोगी मेन लाइन पर पटरी से उतर जाए। ऐसी स्थिति में जबलपुर-इटारसी रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन ठप हो जाता है, जिससे मालगाड़ियां और यात्री गाड़ियां दोनों प्रभावित होती हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post