Jabalpur News: घर का ताला तोड़कर सोना-चांदी व नगदी ले गए चोर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना संजीवनी नगर क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों का माल चुरा लिया। मकान मालिक परिवार सहित नागपुर गया हुआ था। लौटकर आने पर चोरी की वारदात का पता चला। पीड़ित हर्षवर्धन देव (60), निवासी सतपुड़ा एवेन्यू के सामने साईं कॉलोनी ने पुलिस को बताया कि वह मल्टी मोड ट्रांसपोर्ट कंपनी में मैनेजर पद पर प्राइवेट नौकरी करता था। 31 अगस्त को कंपनी बंद हो जाने के कारण उसने नौकरी छोड़ दी थी। 13 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी मां सुधा देव, पत्नी अनीता देव और बेटे यश देव के साथ नागपुर गया था। यश वहीं पर नौकरी करता है। 

आज सुबह जब परिवार घर लौटा और मेन गेट का ताला खोला, तो अंदर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला। घर में रखी आलमारी का लॉक टूटा था और कपड़े बिखरे पड़े थे। आलमारी के लाकर में रखे गहने और नगदी गायब थे। चोर घर से सोने का मंगलसूत्र, झुमकी, चांदी की बिछिया, चांदी के बर्तन (गिलास, कटोरी, थाली) और 1 हजार रुपये नगद चुरा ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 60-70 हजार रुपये आंकी गई है। घटना की रिपोर्ट पर थाना संजीवनी नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 353/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post