दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मेडिकल अस्पताल के सामने स्थित अपेक्स हॉस्पिटल में शनिवार सुबह ऑपरेशन के बाद महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया। मृतका डिंडोरी जिले के शहपुरा निवासी थी, जिसे थायराइड की समस्या के चलते भर्ती कराया गया था।
ये है पूरा मामला
शहपुरा निवासी राजदीप सोनी ने बताया कि उनकी पत्नी को थायराइड की समस्या थी। जांच के बाद डॉक्टर भारद्वाज ने ऑपरेशन की सलाह दी थी और अपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती होने को कहा था। डॉक्टर संजय यादव की देखरेख में महिला का थायराइड का ऑपरेशन किया गया।
बिगड़ी तबीयत और मौत
परिजनों के मुताबिक ऑपरेशन के बाद से ही महिला की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। शनिवार सुबह डॉक्टरों ने सूचना दी कि महिला को अचानक दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई। इस खबर के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया और डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप लगाए।
अस्पताल प्रबंधन का पक्ष
उधर, अपेक्स अस्पताल प्रबंधन ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। अस्पताल के डॉ. संजय यादव ने कहा कि ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा था। ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने पर लगातार इलाज जारी था, लेकिन अचानक आए दिल के दौरे से उसकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है और जांच की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
