दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आए दो बाइक सवार युवकों में से एक युवक ट्रक में फंस गया और करीब आधा किलोमीटर तक घिसटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है।
थाना प्रभारी विजय कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान कुलदीप तनवीर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला था और अपने दोस्त के साथ बीजाडांडी में किराए पर रहकर पोस्ट ऑफिस में कार्यरत था। दोनों किसी काम से बाइक पर मनेरी जा रहे थे, तभी मंगलायतन विश्वविद्यालय के पास मंडला की ओर से आ रहे ट्रक (एमपी 20 जीजे 02 वीवी 9086) ने टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही तनवीर का साथी उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन तनवीर ट्रक में फंस गया। ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका और करीब 500 मीटर तक तनवीर को घसीटता चला गया। हादसा इतना भयानक था कि तनवीर का शव कई टुकड़ों में बंट गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह नजारा देखकर राहगीरों की रूह कांप गई और कई लोग चीख पड़े।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं घायल साथी का इलाज अस्पताल में जारी है।
