दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार शाम ग्वालियर थाना क्षेत्र के होटल फ्लाइन के सामने एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी का रास्ता रोककर पहले गाली-गलौज की और फिर चाकू से उसकी नाक काट दी। गंभीर रूप से घायल महिला को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जबकि आरोपी धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता 35 वर्षीय महिला रमटापुरा की रहने वाली है और फिलहाल पति से अलग होकर चार शहर के नाका पर किराए से रह रही थी। शनिवार को वह तानसेन नगर स्थित लक्ष्मी डेयरी में काम पर जा रही थी, तभी रास्ते में उसका पति आया और विवाद करने लगा। विरोध करने पर उसने चाकू से हमला कर दिया।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति उसके चरित्र पर शक करता था और इसी कारण दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे। लगातार विवाद से परेशान होकर वह अपनी बेटी के साथ अलग रहने लगी थी।
घटना के बाद ग्वालियर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
