MP News: सतना-मानिकपुर के बीच लोकमान्य तिलक टर्मिनस-भागलपुर एक्सप्रेस दो हिस्सों में बंटी, यात्रियों में मचा हड़कंप

दैनिक सांध्य बन्धु सतना। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के अंतर्गत आज सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। लोकमान्य तिलक टर्मिनस से भागलपुर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन (संख्या 12336) सोमवार 27 अक्टूबर की तड़के सतना-मानिकपुर रेलखंड के मझगवा-टिकरिया स्टेशनों के बीच तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। ट्रेन के एस-1 कोच की कपलिंग टूटने से रेक दो हिस्सों में बंट गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।

तड़के 2:40 बजे हुई घटना

जानकारी के अनुसार, ट्रेन तड़के लगभग 2 बजे सतना स्टेशन से 40 मिनट देरी से रवाना हुई थी। करीब 2:40 बजे जब यह मझगवा-टिकरिया के बीच पहुंची, तभी एस-1 कोच का कपलर टूट गया। इससे इंजन और आगे के डिब्बे पीछे के कोचों को छोड़कर आगे निकल गए।

दो घंटे तक रुकी रही ट्रेन, मौके पर पहुंची तकनीकी टीम

घटना की जानकारी मिलते ही लोको पायलट ने ट्रेन रोकी और सतना, मानिकपुर व जबलपुर के रेल अधिकारियों को सूचना दी। करीब दो घंटे बाद सी एंड डब्ल्यू स्टाफ मौके पर पहुंचा और मरम्मत कार्य शुरू किया गया।

इस दौरान एस-1 कोच के यात्रियों को अन्य डिब्बों में शिफ्ट किया गया। मरम्मत पूरी होने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य की ओर रवाना किया गया।

यात्रियों में दहशत

रात के समय हुई इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्रियों ने ट्रेन के रुकने और झटके महसूस किए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

रेल अधिकारियों ने बताया कि घटना की प्राथमिक वजह कपलिंग फेल होना है और मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post