दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) पटना। बिहार चुनाव 2025 को लेकर महागठबंधन का घोषणापत्र तैयार हो गया है। इसे मंगलवार शाम 4 बजे पटना में जारी किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी मौजूद नहीं रहेंगे, लेकिन गठबंधन की ओर से सबसे बड़ा वादा तेजस्वी यादव ने किया है — सरकार बनने पर पहली ही कैबिनेट बैठक में 10 लाख स्थाई सरकारी नौकरियां देने का संकल्प।
प्रियंका कल से करेंगी प्रचार की शुरुआत, राहुल 29 को आएंगे
चुनावी माहौल अब तेजी पकड़ने लगा है। छठ पर्व के समापन के बाद मंगलवार को प्रियंका गांधी बिहार में अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगी। वे बेगूसराय के बछवाड़ा में जनसभा करेंगी। इसके बाद राहुल गांधी 29 अक्टूबर को बिहार में सभा करेंगे।
तेजस्वी यादव इन दिनों रोजाना 3 से 4 सभाएं कर रहे हैं और आने वाले दिनों में यह संख्या बढ़ने वाली है। वहीं, कांग्रेस ने सोनिया गांधी समेत 40 स्टार प्रचारकों की सूची भी जारी कर दी है।
अशोक गहलोत बोले- तेजस्वी को सोच-समझकर बनाया गया सीएम फेस
पटना पहुंचे राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को सोच-समझकर मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया है। उन्होंने कहा, “तेजस्वी युवा हैं और उनमें काम करने की क्षमता है। जो वादे घोषणापत्र में किए जा रहे हैं, वे पूरे किए जाएंगे।”
गहलोत ने नीतीश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बिहार चुनाव सिर्फ बिहार के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अहम है। नीतीश ने बार-बार पाला बदलकर अपनी छवि खराब की है और अब युवा बदलाव चाहते हैं।
तेजस्वी का हमला- NDA सरकार ने दो पीढ़ियां बर्बाद कीं
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार बदलाव के लिए तैयार है। यह नया बिहार बनाने का चुनाव है। उन्होंने कहा, “जैसे एक ही खेत में 20 साल तक एक ही बीज बोने से फसल खराब हो जाती है, वैसे ही NDA सरकार ने बिहार की दो पीढ़ियों को बर्बाद कर दिया है।”
उन्होंने युवाओं से अपील की — “आपने एनडीए को 20 साल दिए, हमें सिर्फ 20 महीने दीजिए। अगर सरकारी नौकरी चाहिए, तो बिहार में महागठबंधन की सरकार बनाइए।”
