दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धबाबा रामलीला मैदान के सामने देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब गाली-गलौज करने से मना करने पर चार बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। मुख्य आरोपी ने युवक की छाती पर पिस्टल अड़ाकर ट्रिगर दबा दिया, लेकिन गनीमत रही कि मिसफायर हो गया। इसके बाद बदमाशों ने युवक को दबोचकर पिस्टल के बट से मारकर उसका सिर फोड़ दिया। लहूलुहान हालत में पीड़ित को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घमापुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित अनमोल डेनियल (उम्र 30 वर्ष), निवासी सिद्धबाबा रामलीला मैदान, एक निजी संस्थान में काम करता है। रविवार, बीती रात करीब 10 बजे अनमोल रामलीला मैदान के सामने कल्लू के भतीजे की दुकान पर अंडा खाने गया था। जब वह अंडा खाकर अपनी मोटरसाइकिल से घर वापस लौट रहा था, तभी दुकान के पास खड़े कुछ लड़के आपस में जोर-जोर से गाली-गलौज कर रहे थे।
अनमोल ने जब सार्वजनिक स्थान पर गाली बकने से मना किया, तो वहां मौजूद बदमाश शुभम सोनकर अपने तीन अन्य साथियों के साथ आ धमका। शुभम ने अनमोल को कॉलर से पकड़ा और कहा, "तुम बीच में बोलने वाले कौन होते हो?" इतना कहते ही शुभम ने कमर से पिस्टल निकाली और अनमोल पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। खुदा का शुक्र रहा कि पिस्टल से फायर नहीं हुआ। फायर मिस होते ही शुभम के तीनों साथियों ने अनमोल को कसकर पकड़ लिया और शुभम ने पिस्टल के बट से अनमोल के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे खून का फव्वारा फूट पड़ा।
अनमोल की चीख-पुकार सुनकर उसके दोस्त लक्ष्मण उर्फ कल्लू और लड्डू उर्फ ऋषभ कोरी उसे बचाने के लिए मौके की तरफ दौड़े। उन्हें आता देख आरोपी शुभम सोनकर और उसके तीनों साथी अनमोल को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से रफूचक्कर हो गए। घायल को तुरंत इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पुलिस को सूचना दी गई।
अस्पताल पहुंची घमापुर पुलिस ने घायल अनमोल डेनियल के बयानों के आधार पर मुख्य आरोपी शुभम सोनकर और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए) , 109(1), और 3(5) के तहत संगीन जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों और सिद्धबाबा क्षेत्र में दबिश दे रही है।
Tags
jabalpur
