Jabalpur News: फ्लाईओवर पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर पुलिस की सख्ती, 155 चालान, ₹68,600 वसूले

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सड़क दुर्घटनाओं में हो रही बढ़ोतरी और मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से जबलपुर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में मालवीय चौक, घमापुर, गढ़ा थाना क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान महाराजपुर, कैरब्ज तिराहा, धनवंतीनगर चौक, तीन पत्ती चौक सहित अन्य स्थानों पर वाहनों की सघन चेकिंग की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 155 वाहन चालकों के खिलाफ चालान कर ₹68,600 समन शुल्क वसूला गया। साथ ही चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।

फ्लाईओवर पर लापरवाही से हो रहीं दुर्घटनाएं

उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) बैजनाथ प्रजापति और सूबेदार मनीष प्यासी ने नव-निर्मित फ्लाईओवर का स्पॉट निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि दुर्घटनाओं का मुख्य कारण वाहन चालकों की लापरवाही और तेज रफ्तार है।

अब तक यातायात पुलिस और थाना पुलिस द्वारा फ्लाईओवर पर विशेष अभियान चलाकर 560 बिना हेलमेट चालकों और 85 गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा चुकी है।

पुलिस अधीक्षक की अपील

एसपी सम्पत उपाध्याय ने शहरवासियों से अपील की है कि फ्लाईओवर पर लगाए गए यातायात संकेतक और रोड चिन्हों का पालन करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, और गलत दिशा में यूटर्न लेकर वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर न केवल जुर्माने से बचा जा सकता है बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को भी रोका जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post