दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। राजधानी के हाई सिक्योरिटी और पॉश इलाके चार इमली में एक बार फिर चोरी की सनसनीखेज वारदात हुई है। यहां डिप्टी कलेक्टर अलका सिंह वामनकर के सरकारी आवास ई-8/11 में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। सूने पड़े घर से करीब 11 लाख रुपए से अधिक के 10 तोले सोने के जेवर, 40 हजार की 250 ग्राम चांदी की पायजेब और महंगी घड़ियों का कलेक्शन चोरी हो गया।
पति के इलाज के लिए गई थीं केरल
अलका सिंह वर्तमान में राजस्व आयुक्त कार्यालय में डिप्टी कलेक्टर हैं। पुलिस के मुताबिक वे 3 नवंबर को पति मिथलेश वामनकर का इलाज कराने परिवार सहित केरल गई थीं। सोमवार (10 नवंबर) को जब वे लौटीं, तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी से जेवर और कीमती सामान गायब थे।
एफआईआर दर्ज, पुलिस ने कुछ संदेही लिए हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही हबीबगंज थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
टीआई संजीव चौकसे ने बताया कि मकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, जिससे जांच में दिक्कतें आ रही हैं।
कीमती घड़ियों का कलेक्शन भी उड़ाया
चोरों ने सिर्फ सोना-चांदी ही नहीं, बल्कि कीमती घड़ियों का कलेक्शन और अन्य सामान भी चुरा लिया। अलका सिंह के लौटने पर चोरी का खुलासा हुआ और तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
चार इमली की सुरक्षा पर फिर सवाल
चार इमली शहर का हाई प्रोफाइल इलाका है, जहां कई आईएएस, आईपीएस अफसरों और मंत्रियों के बंगले हैं। इसके बावजूद यहां लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं।
पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
यहीं आईजी इंटेलिजेंस से भी हुई थी लूट
गौरतलब है कि 24 सितंबर को इसी इलाके में आईजी इंटेलिजेंस डॉ. आशीष (IPS) से मोबाइल लूट की घटना हुई थी। वे पत्नी के साथ वॉक पर थे, तभी बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे।
