MP News: गलत निकला ग्वालियर पुलिस का शक, बोलेरो सवार ने ही मारी थी गोली, एक आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। दो दिन पहले ऑटो चालक को गोली मारने की घटना में पुलिस का शक गलत साबित हुआ है। फोरेंसिक जांच में साफ हुआ कि ऑटो चालक ने खुद पर गोली नहीं चलाई थी, बल्कि बोलेरो सवार बदमाशों ने ही हमला किया था। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

घटना पुरानी छावनी क्षेत्र की है, जहां हरिहर नगर बहोड़ापुर निवासी रघुनंदन शर्मा अपने ऑटो से मुरैना के बानमोर से ग्वालियर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक मवेशी आने से उन्होंने ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे आ रही बोलेरो गाड़ी टकरा गई। इससे गुस्साए बोलेरो सवार दो युवकों ने ऑटो चालक से मारपीट की और झाड़ियों में खींचकर उसके पैर में गोली मार दी।

पहले पुलिस को ऑटो चालक पर ही शक था। उन्हें लगा था कि युवक ने बोलेरो सवारों को फंसाने के लिए खुद को गोली मारी है। लेकिन जब फोरेंसिक टीम ने हैंड स्वैब टेस्ट (Hand Swab Test) किया, तो उस पर गन पाउडर के कोई निशान नहीं मिले। इससे पुलिस का शक गलत साबित हो गया।

जांच के दौरान CCTV फुटेज खंगाले गए, जिससे बोलेरो गाड़ी की पहचान हुई। गाड़ी का नंबर मिलने पर पुलिस राजस्थान के बसेड़ी पहुंची और श्रीकांत पुरी निवासी बसेड़ी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश में टीमें जुटी हैं।

सीएसपी महाराजपुरा नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया ऑटो चालक को गोली मारने के मामले में एक आरोपी पकड़ा गया है। उससे पूछताछ जारी है और शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post