Jabalpur News: मेडिकल कॉलेज के पास अतिक्रमण हटा, फिर भी जाम बरकरार, यातायात व्यवस्था बिगड़ रही, पुलिस चालानी कार्रवाई में व्यस्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के बाद भी ट्रैफिक जाम की समस्या जस की तस बनी हुई है। दो दिन पहले नगर निगम ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए करीब दो दर्जन अस्थाई ठेले और टपरियां हटाई थीं, ताकि सड़क चौड़ी हो सके और यातायात व्यवस्था सुधर सके। लेकिन, इसके बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा।

जाम से राहत नहीं, दिनभर फंसे राहगीर

मेडिकल कॉलेज के आसपास अब भी वाहन चालकों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के समय तो हालात और बिगड़ जाते हैं। ट्रैफिक जाम में मरीजों को लेकर आने वाली एम्बुलेंस भी फंस रही हैं, जिससे आपात सेवाओं पर असर पड़ रहा है।

 पुलिस हेलमेट चेकिंग में व्यस्त

यातायात विभाग की प्राथमिकता इन दिनों बिना हेलमेट वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करने पर अधिक केंद्रित दिखाई दे रही है। वहीं, शहर की सड़कों पर जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। मेडिकल कॉलेज रोड, राइट टाउन और विजय नगर की तरफ जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक अक्सर रेंगता हुआ दिखाई देता है।

ठेलों से फिर अतिक्रमण

स्थानीय लोगों का कहना है कि निगम की कार्रवाई के बावजूद कुछ ठेले और ऑटो रिक्शा चालकों ने दोबारा सड़क किनारे कब्जा जमा लिया है। यही कारण है कि ट्रैफिक का प्रवाह बाधित हो रहा है।

यातायात डीएसपी बोले- विशेष पॉइंट बनेंगे

इस संबंध में यातायात डीएसपी बैजनाथ प्रजापति ने बताया कि आने वाले दिनों में मेडिकल कॉलेज के पास यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए विशेष पॉइंट बनाए जाएंगे। साथ ही जो ठेले या टपरे दोबारा अतिक्रमण कर रहे हैं, उनके खिलाफ नगर निगम से समन्वय कर सख्त कार्रवाई करवाई जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post