दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। फायनेंस मोबाइल की किस्त देने की बात को लेकर एक युवक पर पिस्टल से फायरिंग करने का मामला सामने आया है। घटना थाना मदनमहल क्षेत्र के लिंक रोड स्थित रेल कोच रेस्टोरेंट के पास की है। गोली फायनेंस कंपनी के कर्मचारी के हाथ को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया।
थाना मदनमहल पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अनुराग चौरसिया (25) निवासी रानीताल गेट नंबर 1, जगदीश अखाड़ा के पास, बजाज फायनेंस कंपनी गोलबाजार में काम करता है। उसने बताया कि दीपक पटेल के नाम पर नितिन श्रीवास्तव ने ओप्पो कंपनी का मोबाइल फायनेंस करवाया था, जिसकी किस्त नितिन ही जमा करता था।
अनुराग ने नितिन से किस्त देने के लिए संपर्क किया, जिस पर नितिन ने उसे रेल कोच रेस्टोरेंट के पास बुलाया। अनुराग अपने दोस्त अंकित केशरवानी के साथ वहां पहुंचा, जहां नितिन पहले से मौजूद था। किस्त को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ी, तभी नितिन ने अपने पास रखी पिस्टल निकालकर अनुराग पर फायर कर दिया। गोली अनुराग के बाएं हाथ की कलाई को छूते हुए निकल गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 296(ए), 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
