Jabalpur News: कटनी में फ्रिज ब्लास्ट से मचा हड़कंप: 14 वर्षीय आर्यन का चेहरा फटा, 108 जगह से हड्डियां क्रैक, जबलपुर में ढाई घंटे चली जिंदगी बचाने की जंग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर में रखा पुराना फ्रिज ब्लास्ट हो गया, जिसमें 14 वर्षीय आर्यन मिश्रा बुरी तरह झुलस गया। धमाका इतना तेज था कि उसका पूरा चेहरा फट गया और चेहरे की 108 जगहों पर हड्डियां क्रैक हो गईं।

तेज आवाज सुनते ही उसकी मां दौड़कर पहुंची, लेकिन बेटे को खून से लथपथ देखकर वह भी बेहोश हो गईं। पड़ोसी दौड़कर आए और बच्चे को कटनी के एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने आर्यन को जबलपुर रेफर किया।

ढाई घंटे चली सर्जरी, डॉक्टरों ने बचाई जान

आर्यन को जबलपुर के बड़ेरिया मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया। ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉ. राहुल चतुर्वेदी और उनकी टीम ने लगातार ढाई घंटे तक ऑपरेशन किया।

डॉ. चतुर्वेदी के मुताबिक, “बच्चे की नाक, मुंह और जबड़े की हड्डी बुरी तरह टूट चुकी थी। ब्लड रोकना और हड्डियां जोड़ना दोनों ही चुनौती थे।”

सर्जरी के बाद बच्चे को वेंटिलेटर पर रखा गया। तीन दिन बाद उसकी हालत में सुधार आया है और अब वह खतरे से बाहर है।

मां कमरे से निकली, तभी हुआ धमाका

5 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे आर्यन अपनी मां के साथ घर पर था। मां कुछ देर आराम करने कमरे में गई थीं। तभी अचानक धमाका हुआ। जब मां बाहर आईं तो देखा कि बेटा फ्रिज के पास बेहोश पड़ा है, उसका पूरा चेहरा फटा हुआ है।

पिता बोले — “फ्रिज 15 साल पुराना था, बदलने ही वाले थे”

आर्यन के पिता विवेक कुमार मिश्रा, जो कटनी पुलिस में एएसआई हैं, ने बताया हमारा फ्रिज करीब 15 साल पुराना था। फ्रीजर में बर्फ जम जाती थी, इसलिए कई बार बंद कर देते थे। कंट्रोलर भी खराब था। सोचा था नया फ्रिज लेंगे, लेकिन इससे पहले ही हादसा हो गया।

डॉक्टर बोले — “चेहरे की 108 हड्डियां जोड़ना था सबसे बड़ा चैलेंज”

ऑपरेशन करने वाली टीम ने बताया कि आर्यन के चेहरे में 108 जगह हड्डियां क्रैक थीं, जिन्हें प्लेट लगाकर जोड़ा गया है। अब बच्चे को ओरल लिक्विड दिया जा रहा है और उम्मीद है कि 3-4 दिन में वह थोड़ा-बहुत बोलने लगेगा।

हादसे से सबक: पुराना इलेक्ट्रॉनिक सामान समय पर बदलें

इस दर्दनाक हादसे ने एक बड़ा सबक दिया है — पुराने और खराब हो चुके फ्रिज, गैस या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समय पर बदलें, ताकि ऐसी जानलेवा घटनाओं से बचा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post