MP News: फुटबॉल ग्राउंड से पकड़ा गया नाबालिग, कमर पर था 315 बोर का कट्टा

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। शहर के हजीरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक नाबालिग को 315 बोर के कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह नाबालिग फुटबॉल ग्राउंड में पोल के पास बैठा मिला, जहां से पुलिस ने उसे पकड़ा। तलाशी के दौरान उसकी कमर से 315 बोर का कट्टा और जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इतनी कम उम्र में हथियार लेकर घूमते देख पुलिस भी हैरान रह गई।

सूचना मिलने पर प्रधान आरक्षक मनोज त्रिपाठी, एएसआई यशवंत सिंह और आरक्षक रामअवतार सिंह भदौरिया मौके पर पहुंचे। जैसे ही पुलिस टीम फुटबॉल पोल की ओर बढ़ी, नाबालिग भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में नाबालिग ने कहा कि वह “बस यूं ही कट्टा लेकर बैठा था।” बाद में उसने बताया कि उसे हथियारों का शौक है, इसलिए कट्टा अपने पास रखा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार उसने कहां से और किससे खरीदा, ताकि सप्लायर या तस्कर तक पहुंचा जा सके।

हजीरा थाना पुलिस ने आरोपी नाबालिग के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post