दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। भोपाल के गौतम नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। महज बीड़ी न देने पर 50 वर्षीय मजदूर की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। यह घटना बुधवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विवाद रात में हुआ, हत्या सुबह कर दी
एडिशनल डीसीपी शालिनी दीक्षित के मुताबिक मृतक का नाम सुरेश कुशवाहा है, जो मजदूरी करता था और गौतम नगर थाने के पास फुटपाथ पर रहता था। आरोपी कार्तिक राठौर का मंगलवार को जन्मदिन था। रात में वह सुरेश के पास पहुंचा और बीड़ी मांगी। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया।
सुबह कार्तिक वापस आया, पास से एक बड़ा पत्थर उठाया और सुरेश के सिर और मुंह पर वार कर उसे अधमरा कर दिया। कुछ देर बाद वह फिर लौटा और यह देखने के लिए कि सुरेश जिंदा तो नहीं। उसकी सांसें चलती देख आरोपी ने दोबारा पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी।
थाने से सिर्फ 100 मीटर दूर हुई वारदात
वारदात गौतम नगर थाने से करीब 100 मीटर की दूरी पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महज दो घंटे में आरोपी कार्तिक राठौर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके को सील कर दिया है और हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।