अस्पताल में भर्ती प्रेम चोपड़ा, दोस्त धर्मेंद्र के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित

दैनिक सांध्य बन्धु मुंबई (एजेंसी)। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता प्रेम चोपड़ा को शनिवार को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार ने जानकारी दी कि यह केवल एक रूटीन चेकअप है और घबराने की कोई बात नहीं है। उम्मीद है कि उन्हें एक-दो दिन में डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

प्रेम चोपड़ा के दामाद और अभिनेता विकास भल्ला ने बताया कि उम्र संबंधी सामान्य समस्याओं और संक्रमण के बाद उन्हें नियमित जांच के लिए अस्पताल में रखा गया है। उन्होंने कहा—“डॉक्टरों ने सभी जरूरी जांचें की हैं और सौभाग्य से सब कुछ ठीक पाया गया है। जब मैं सुबह उनसे मिला, तो वो बिल्कुल ठीक और प्रसन्न थे।”

विकास भल्ला ने आगे कहा—“कुछ बेवजह की अटकलें लगाई जा रही हैं। उनकी स्थिति पूरी तरह सामान्य है और जल्द ही उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।”

हालांकि प्रेम चोपड़ा इस वक्त अपने पुराने मित्र धर्मेंद्र के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने अस्पताल में रहते हुए भी धर्मेंद्र का हालचाल लेना जारी रखा है।

बता दें, धर्मेंद्र को बुधवार सुबह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था। उनके डॉक्टर प्रतीत समदानी ने बताया कि धर्मेंद्र पिछले कई हफ्तों से बीच-बीच में अस्पताल में भर्ती हो रहे थे। परिवार ने अब फैसला किया है कि आगे का इलाज घर पर ही किया जाएगा।

गौरतलब है कि प्रेम चोपड़ा और धर्मेंद्र दोनों ने छह दशकों से ज्यादा समय तक बॉलीवुड में काम किया है। पर्दे पर अकसर विलेन के किरदार निभाने वाले प्रेम चोपड़ा ने अब तक 380 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post