दैनिक सांध्य बन्धु पटना (एजेंसी)। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले ही मोकामा सीट से जेडीयू प्रत्याशी और बाहुबली नेता अनंत सिंह के समर्थक जश्न में डूबे हैं। रिजल्ट 14 नवंबर को आना है, लेकिन पटना स्थित उनके आवास पर महाभोज की तैयारी जोरों पर है। अनंत सिंह के समर्थकों को पूरा भरोसा है कि इस बार भी “मोकामा के ‘छोटे सरकार’” की जीत तय है।
23 हजार स्क्वायर फीट में टेंट, 50 हजार लोगों के खाने की व्यवस्था
पटना के मॉल रोड स्थित अनंत सिंह के आवास पर 23,000 वर्ग फीट में विशाल टेंट-पंडाल लगाया गया है। यहां 50 हजार लोगों को भोजन कराने की व्यवस्था की जा रही है। टेंट लगाने के लिए एक लाख बांस मंगवाए गए हैं, और केसरिया-सफेद रंग की थीम में सजावट की जा रही है।
भोज में दो लाख रसगुल्ले, 10 हजार लीटर दूध और 4 टन आलू
अनंत सिंह के भोज के मेन्यू की तैयारियां भी उतनी ही खास हैं।
10 हजार लीटर दूध से बनेगा 1 लाख रसगुल्ला और गुलाब जामुन।
4 टन आलू और 10 तरह की सब्जियां बनाई जाएंगी।
36 हलवाइयों की टीम 13 नवंबर से पूरी-सब्जी बनाना शुरू करेगी।
भोज का संदेश साफ है — “कोई भी व्यक्ति बिना खाना खाए वापस नहीं जाए।”
कुर्सी-टेबल पर परोसा जाएगा खाना
लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन कराने के लिए टेबल-कुर्सी लगाई जा रही हैं। समर्थकों ने बताया कि खाना गर्म-गर्म परोसा जाएगा। किसी को पूरी, किसी को सब्जी और किसी को पानी देने की जिम्मेदारी अलग-अलग समर्थकों को दी गई है।
जेल से ही ले रहे हर तैयारी की खबर
हालांकि अनंत सिंह फिलहाल बेऊर जेल में बंद हैं, लेकिन समर्थकों के जरिए वे हर तैयारी की जानकारी ले रहे हैं। सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों को 14 नवंबर के भोज का आमंत्रण भी भेजा है।
मोकामा सीट पर दिलचस्प मुकाबला
मोकामा विधानसभा सीट पर इस बार अनंत सिंह (JDU) का मुकाबला सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी (LJP) से है। यहां 64.77% मतदान हुआ था। यह सीट हमेशा से बिहार की सबसे हॉट सीटों में गिनी जाती है।
चार बार विधायक, अब पांचवीं बार जीत की उम्मीद
अनंत सिंह 2005 से लगातार चार बार मोकामा से विधायक रह चुके हैं।
दो बार JDU से
एक बार RJD से
एक बार निर्दलीय
AK-47 केस में अयोग्य घोषित होने के बाद अब बरी हो चुके हैं और फिर से चुनावी मैदान में हैं।
“छोटे सरकार” के समर्थकों में जश्न का माहौल
जेल में होने के बावजूद अनंत सिंह का जोश कम नहीं है। उनके समर्थक ‘विजय भोज’ को जीत का प्रतीक मानकर तैयारियां पूरी कर रहे हैं।
रंग-बिरंगी लाइटिंग, सजी हुई टेबलें और महकते पकवानों के बीच मोकामा में अब बस इंतज़ार है 14 नवंबर के रिजल्ट का।
