Jabalpur News: फल-फूल रहा स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में इन दिनों स्पा सेंटरों की आड़ में देह व्यापार का गोरखधंधा तेजी से फैलता जा रहा है। शहर के कई नामी इलाकों में यह कारोबार खुलेआम चल रहा है, जबकि पुलिस और प्रशासन इस पर आंखें मूंदे हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस धंधे को संरक्षण देने के लिए पुलिसकर्मियों और कुछ प्रभावशाली रसूखदारों को हर महीने मोटी रकम दी जाती है।

चेरीताल से लेकर विजय नगर तक सक्रिय संदिग्ध सेंटर

शहर के चेरीताल, विजय नगर, सदर, गढ़ा, गोरखपुर, राइट टाउन और मदर टेरेसा रोड जैसे इलाकों में बड़ी संख्या में स्पा सेंटर संचालित हो रहे हैं। बाहर से आई युवतियों को इन जगहों पर मसाज और थेरेपी के नाम पर रखा गया है, जबकि हकीकत में यहाँ देह व्यापार का खेल चलता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन केंद्रों पर रात देर तक संदिग्ध गतिविधियाँ होती हैं। कई बार आस-पड़ोस के लोगों ने शिकायत भी की, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति हुई।

पुलिस की भूमिका संदिग्ध कार्रवाई केवल दिखावा

सूत्रों का कहना है कि कुछ स्पा सेंटर संचालक नियमित रूप से पुलिस और रसूखदार लोगों को सेटिंग के नाम पर रकम पहुंचाते हैं। जब कभी मीडिया में मामला उछलता है या शिकायतें बढ़ जाती हैं, तब पुलिस छापेमारी का दिखावा करती है -कुछ युवतियाँ और ग्राहक पकड़कर फोटो खिंचवाए जाते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में वही सेंटर फिर से चालू हो जाते हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि पुलिस ईमानदारी से कार्रवाई करे, तो एक भी ऐसा सेंटर खुलेआम नहीं चल सकता।

संस्कारधानी की छवि पर लग रहा धब्बा

संस्कार और संस्कृति के लिए पहचाने जाने वाले जबलपुर की छवि अब ऐसे गंदे धंधों से धूमिल होती जा रही है। शहर की गलियों और बाजारों के पास चल रहे इन सेंटरों से न सिर्फ सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा है, बल्कि आसपास रहने वाले परिवारों और युवाओं पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। कई इलाकों के रहवासियों ने बताया कि रात के समय इन स्पा सेंटरों के बाहर संदिग्ध लोगों की आवाजाही आम हो गई है, जिससे महिलाओं और युवतियों को असुरक्षा महसूस होती है।

हो सख्त कार्रवाई 

शहरवासियों में इस पूरे प्रकरण को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। नागरिक संगठनों और समाजसेवियों ने जिला प्रशासन, पुलिस अधीक्षक और नगर निगम से मांग की है कि सभी स्पा सेंटरों की सघन जांच कराई जाए। जिनके खिलाफ अनैतिक कार्यों के सबूत मिलें, उनके लाइसेंस तत्काल रद्द कर संचालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी मांग की जा रही है कि उन पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई हो जो इन अवैध गतिविधियों को संरक्षण दे रहे हैं।

प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत

जबलपुर जैसे शहर की गरिमा और संस्कारों की रक्षा के लिए अब प्रशासन को निर्णायक कदम उठाने होंगे। ऐसे सेंटरों पर रोक लगाने के साथ-साथ पुलिस की जवाबदेही तय करना भी आवश्यक है।

संस्कारधानी की मर्यादा बचाना अब चुनौती

जबलपुर हमेशा से संस्कारों और संस्कृति के लिए जाना जाता रहा है। ऐसे में स्पा सेंटरों की आड़ में फैलता यह गंदा कारोबार शहर की छवि को नुकसान पहुँचा रहा है। आवश्यक है कि प्रशासन, पुलिस और समाज मिलकर इस अवैध नेटवर्क पर सख्ती से लगाम लगाएँ, ताकि संस्कारधानी की गरिमा और मर्यादा दोबारा स्थापित हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post