Jabalpur News: अधारताल थाना क्षेत्र में बेटे ने पिता पर लोहे की रॉड से किया हमला

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे न देने पर एक बेटे ने अपने पिता पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचा दीं। मामला शनिवार शाम का है, जिसकी रिपोर्ट पीड़ित पिता ने थाने में दर्ज कराई। पीड़ित पिता राजेश पेयावानी (44), निवासी न्यू रामनगर सुराही बिल्डिंग, ने बताया कि वे फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करते हैं। उनका बड़ा बेटा सूरज पेयावानी कोई रोजगार नहीं करता और आए दिन शराब पीने के लिए पैसों की मांग करता है। बीती शाम करीब 4:15 बजे जब राजेश फेरी लगाकर घर लौटे, तभी सूरज ने फिर शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग की। 

पिता द्वारा मना करने पर वह गाली-गलौज पर उतर आया और घर में रखी लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। हमले में राजेश के हाथ-पैर पर गंभीर चोटें आईं। आरोपित धमकी देते हुए मौके से भाग गया। थाना अधारताल पुलिस ने धारा 296, 115(2), 119(1), 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post