Jabalpur News: बुजुर्ग महिला से सोने की चेन-झुमकी लूटने वाले बदमाश गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना पुलिस ने बुजुर्ग महिला से सोने की चेन और झुमकी लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए गहने और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

ऐसे दिया था वारदात को अंजाम

14 नवंबर की दोपहर तुलसी नगर, रांझी निवासी बुजुर्ग महिला रामकली रजक अपने घर के सामने कुर्सी पर बैठी थीं। तभी बाइक से दो बदमाश पहुंचे। एक बदमाश बाइक चालू रखकर खड़ा रहा जबकि दूसरा उनके गले से सोने की चेन और एक कान की झुमकी झपटकर फरार हो गया।

सीसीटीवी से मिले सुराग

घटना की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 780/2025 धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर तत्काल टीम गठित की गई।

सीएसपी रांझी सतीश साहू के अनुसार, घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज से बाइक का नंबर MP20 ZJ 4558 सामने आया। बाइक मालिक मनीष मेहतो से पूछताछ में पता चला कि उसने अपनी बाइक परिचित मोहन चौधरी और मनीष बिरहा को एक घंटे के लिए दी थी।

आरोपी निकले आदतन अपराधी

दोनों संदिग्धों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने महिला से चेन और झुमकी छीनने की बात कबूल की। दोनों से एक सोने की चेन, एक झुमकी और बाइक बरामद की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी मोहन चौधरी पर पहले से 15 मामले—चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट—दर्ज हैं। पूछताछ में उन्होंने 3 सितंबर 2025 को अपने साथी शनि राणे के साथ मटामर में भी लूट की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post