दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। मुरार क्षेत्र स्थित भगवती कॉलोनी में सोमवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां जिला अस्पताल में पदस्थ फार्मासिस्ट महेंद्र कुमार जैन की पत्नी रूबी जैन (53) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शाम 5 से 6.30 बजे के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, महेंद्र जैन रोज की तरह सुबह ड्यूटी के लिए निकले थे। जब वह शाम करीब 6.30 बजे घर लौटे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। घर में तलाश करने पर उन्हें पत्नी दूसरी मंजिल पर फंदे से लटकी मिलीं। शोर मचाकर उन्होंने पड़ोसियों की मदद से पत्नी को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद दामाद को सूचना दी गई और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रूबी जैन कुछ समय से बीमारी से परेशान थीं और तनाव में रहती थीं। परिवार में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन बीमारी की वजह से महिला मानसिक रूप से तनावग्रस्त थीं।
मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि महिला की मौत फांसी लगाने से हुई है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि परिवार की स्थिति को देखते हुए उनसे बयान अभी नहीं लिए गए हैं।