दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। इस बार वजह राजनीतिक नहीं बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेत्री पल्लवी राज सक्सेना से उनके विवाह की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
बताया जा रहा है कि 63 वर्षीय दीपक जोशी ने 43 वर्षीय कांग्रेस नेत्री पल्लवी राज सक्सेना से विवाह किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह विवाह 4 दिसंबर को भोपाल के एक आर्य समाज मंदिर में संपन्न हुआ। हालांकि इन तस्वीरों और विवाह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मामले को लेकर यह भी चर्चाएं सामने आई हैं कि दो अन्य महिलाओं द्वारा भी दीपक जोशी से विवाह के दावे किए गए हैं, जिससे विवाद और गहरा गया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपक जोशी ने कहा है कि कुछ प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं, जिन पर वे फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं कर सकते। उन्होंने भारतीय न्याय प्रणाली पर भरोसा जताते हुए स्पष्ट किया कि सोमवार को भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले पर अपनी बात रखेंगे।
दीपक जोशी का राजनीतिक सफर भी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। वे वर्ष 2013 में देवास जिले की हाटपिपल्या सीट से विधायक बने और शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री रहे। 2018 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी से हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2023 में वे कांग्रेस में शामिल होकर खातेगांव सीट से चुनाव लड़े, जहां भाजपा प्रत्याशी से पराजित हुए। कुछ समय बाद वे पुनः भाजपा में लौट आए।
गौरतलब है कि वर्ष 2021 में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान उनकी पत्नी विजिया जोशी का इंदौर के एक अस्पताल में निधन हो गया था। उनका बेटा जयवर्धन सिंह भाजपा से जुड़ा हुआ है। अब विवाह की वायरल तस्वीरों और बयानों के चलते दीपक जोशी एक बार फिर राजनीतिक के साथ-साथ सामाजिक चर्चा का विषय बने हुए हैं।
Tags
madhya pradesh
