Jabalpur News: पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष से जुड़े देह व्यापार मामले में जमानत पर रिहा आरोपी और परिवारजन दे रहे धमकियां, पीड़ित युवती SP ऑफिस पहुंचकर बोली– जान का खतरा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बहुचर्चित पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अतुल चौरसिया और उसके साथी शीतल दुबे से जुड़े देह व्यापार प्रकरण में अब पीड़ित युवती को लगातार धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। युवती ने  पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विस्तृत शिकायत दर्ज कराई और सुरक्षा की मांग की।

पीड़ित के अनुसार, जून 2025 में उसकी शिकायत पर पुलिस ने अतिथि इन होटल में कथित देह व्यापार संचालन के आरोप में अतुल चौरसिया और शीतल दुबे के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया था। बाद में शीतल दुबे को जमानत पर रिहा कर दिया गया।

शिकायत में युवती ने कहा कि अतुल चौरसिया के परिवारजन, शीतल दुबे और पप्पू यादव नामक व्यक्ति द्वारा उसे फोन पर केस वापस लेने और “जान से मारने” की धमकियां दी जा रही हैं। युवती का कहना है कि जमानत पर बाहर आने के बाद शीतल दुबे लगातार उसे धमका रहा है।

युवती ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में शीतल दुबे उसे असम से जबलपुर लेकर आया था और अतुल चौरसिया की होटल में नौकरी दिलाई थी। वहीं उसके साथ तथा अन्य युवतियों के साथ दैहिक शोषण किया गया। पीड़िता का कहना है कि शिकायत दर्ज करने के बाद अब आरोपी पक्ष उसे डरा-धमका रहा है।

पीड़िता ने SP ऑफिस से गुहार लगाई है कि धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसे सुरक्षा प्रदान की जाए। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर विवेचना प्रारंभ करने की बात कही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post