MP News: महाराष्ट्र पुलिस ने खंडवा से कांग्रेस नेता को किया गिरफ्तार, गोलीकांड के बाद से चल रहे थे फरार, दिग्विजय सरकार में मंत्री रह चुके हैं पिता

दैनिक सांध्य बन्धु खंडवा। कांग्रेस नेता यशवंत सिलावट को महाराष्ट्र पुलिस ने रविवार को खंडवा से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई महाराष्ट्र के धुलिया जिले की सिरपुर तालुका पुलिस ने की, जो हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में सिलावट की तलाश कर रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले करीब एक साल से फरार था।

रविवार दोपहर खंडवा में कांग्रेस द्वारा केंद्र सरकार की मनरेगा योजना का नाम बदले जाने के विरोध में प्रदर्शन आयोजित किया गया था। नगर निगम तिराहे पर चल रहे इसी प्रदर्शन के दौरान महाराष्ट्र पुलिस स्थानीय कोतवाली स्टाफ के साथ मौके पर पहुंची और यशवंत सिलावट को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें कोतवाली थाने लाया गया, जहां प्रारंभिक पूछताछ के बाद महाराष्ट्र पुलिस उन्हें अपने साथ धुलिया ले गई।

पुलिस के अनुसार, लगभग एक वर्ष पहले यशवंत सिलावट पर आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति पर गोली चलाई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद से ही सिलावट फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए महाराष्ट्र पुलिस ने कई टीमें गठित की थीं।

कोर्ट से हाईकोर्ट तक जमानत खारिज

इस मामले में सिलावट ने अग्रिम जमानत के लिए पहले धुलिया जिला न्यायालय और फिर मुंबई हाईकोर्ट का रुख किया था, लेकिन हर स्तर पर उनकी याचिकाएं खारिज हो चुकी थीं। पुलिस का कहना है कि उन्होंने सिलावट को स्वयं गिरफ्तारी देने के लिए कई बार सिरपुर तालुका थाने बुलाया, लेकिन वे लगातार टालमटोल करते रहे। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर खंडवा में दबिश दी गई।

गिरफ्तारी के दौरान दिया बयान

गिरफ्तारी के समय जब मीडियाकर्मियों ने उनसे बातचीत करनी चाही तो यशवंत सिलावट ने कहा कि वे प्रॉपर्टी की खरीदी-बिक्री के व्यवसाय से जुड़े हैं और किसी लेन-देन से जुड़ा मामला हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस पूछताछ के लिए उन्हें ले जा रही है और वे वापस आकर अपनी बात मीडिया के सामने रखेंगे।

पिता रह चुके हैं मंत्री

यशवंत सिलावट के पिता स्वर्गीय हीरालाल सिलावट कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं। उन्होंने 1977 में पंधाना विधानसभा सीट से पहला चुनाव लड़ा था। 1985 में वे विधायक बने और संसदीय सचिव रहे, जबकि 1998 में पुनः जीत दर्ज कर मत्स्य पालन मंत्री बने। वर्ष 2008 में उनका निधन हो गया था।

कांग्रेस का पक्ष

कांग्रेस जिला अध्यक्ष उत्तम पालसिंह पुरनी ने कहा कि वर्तमान में यशवंत सिलावट के पास पार्टी में कोई दायित्व नहीं है। वे पूर्व में यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और बुरहानपुर जिले के सह प्रभारी रह चुके हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post