दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मुंबई। महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति (NDA) ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए प्रचंड जीत दर्ज की है। 288 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के नतीजों में महायुति को 214 सीटों पर सफलता मिली है। भाजपा 120 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 57 सीटें और एनसीपी (अजित पवार गुट) को 37 सीटें मिली हैं।
वहीं, विपक्षी महाविकास अघाड़ी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस को 31, शिवसेना (उद्धव ठाकरे) को मात्र 10 और शरद पवार की एनसीपी को भी 10 सीटों पर संतोष करना पड़ा। इसके अलावा 22 सीटें स्थानीय अघाड़ियों (लोकल अलायंस) के खाते में गईं।
एक वोट से हार-जीत का रोमांच
गढ़चिरौली के वार्ड नंबर-4 में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। यहां भाजपा प्रत्याशी संजय मंडवगड़े महज 1 वोट से चुनाव हार गए। उन्हें 716 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार श्रीकांत देशमुख को 717 वोट प्राप्त हुए। यह परिणाम लोकतंत्र में हर वोट की अहमियत को रेखांकित करता है।
दो चरणों में हुआ था मतदान
नगर निकाय चुनाव दो चरणों में संपन्न हुए।
पहला चरण: 2 दिसंबर – 263 निकायों में मतदान
दूसरा चरण: 20 दिसंबर – शेष 23 नगर परिषदों व रिक्त पदों पर वोटिंग
धुले की डोंडाइचा नगर परिषद, सोलापुर की उंगर नगर पंचायत और जलगांव जिले की जामनेर नगर परिषद में भाजपा ने अध्यक्ष पद समेत अन्य सीटों पर निर्विरोध जीत दर्ज की।
महायुति की जीत पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा नगरपालिका और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा और महायुति को मिली ऐतिहासिक सफलता के लिए मैं महाराष्ट्र की जनता का आभार व्यक्त करता हूं।
उन्होंने बताया कि 2017 में भाजपा के 1602 पार्षद थे, जो अब बढ़कर 3325 हो गए हैं। कुल 6952 पार्षदों में से 4331 पार्षद महायुति के हैं। इस बार 129 नगरपालिकाओं (45%) में भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि महायुति ने कुल 215 नगरपालिकाएं (74.65%) जीतीं।
संजय राउत का हमला: “पैसों की बारिश हुई”
शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राउत ने नतीजों पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव में पैसों की खुलकर बारिश हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि वही मशीन, वही सेटिंग और वही पैसा—नंबर भी वही हैं। 30 करोड़ के बजट वाली म्युनिसिपैलिटी पर 150 करोड़ खर्च किए गए।
राउत ने कहा कि सत्तारूढ़ दलों के बीच आपसी मुकाबले ने चुनाव को महंगा बना दिया और इसका असर जनता पर भी पड़ा।
बारामती में जय पाटिल की चौथी जीत
एनसीपी (अजित पवार गुट) के सिटी प्रेसिडेंट जय पाटिल ने बारामती नगर परिषद चुनाव में लगातार चौथी बार जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी को महज 200 वोट मिले। इससे पहले जय पाटिल उपाध्यक्ष (डिप्टी मेयर) भी रह चुके हैं।
जश्न के दौरान हादसा
पुणे जिले के जेजुरी मंदिर में एनसीपी (अजित गुट) के जश्न के दौरान जलते कपूर पर गुलाल गिरने से आग भड़क गई। इस हादसे में 5-6 लोग झुलस गए, जिनका इलाज जारी है।
