दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर जिले में पंचायत उपचुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह द्वारा जिला कलेक्टर कार्यालय से उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके तहत जिले में 2 सरपंच और 172 पंच पदों के लिए उपचुनाव कराए जाएंगे। मतदान दिसंबर के अंतिम सप्ताह में संपन्न होगा।
सरपंच पद के लिए पाटन जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत मादा तथा सिहोरा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत बुधुआ में चुनाव होंगे। वहीं पंच पदों के रिक्त पदों में कुंडम जनपद पंचायत में 1, जबलपुर, शहपुरा और सिहोरा जनपद पंचायत में 2-2, मझौली जनपद पंचायत में 5 एवं पाटन जनपद पंचायत में सर्वाधिक 160 पद शामिल हैं।
निर्वाचन अधिसूचना के साथ ही आरक्षण की स्थिति और मतदान केंद्रों की सूची भी प्रकाशित कर दी गई है। नाम निर्देशन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर दोपहर 3 बजे तक निर्धारित की गई है। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 16 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे से की जाएगी।
अभ्यर्थी 18 दिसंबर को दोपहर 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। इसके पश्चात चुनाव मैदान में बचे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
मतदान 29 दिसंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा। सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान प्रक्रिया मतपत्रों के माध्यम से संपन्न कराई जाएगी।
Tags
jabalpur
