दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिहोरा विकासखंड के ग्राम बुधुवा स्थित जय मां ममता कृषि केंद्र पर किसान कल्याण एवं कृषि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान दुकान में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिनमें एक्सपायरी डेट के कीटनाशक, प्रतिबंधित रसायन और लाइसेंस में दर्ज न होने वाली कंपनियों के उत्पादों का अवैध भंडारण शामिल है।
यह कार्रवाई अनुविभागीय कृषि अधिकारी मनीषा पटेल और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जे.एस. राठौर द्वारा की गई। जांच में 21 एक्सपायरी कीटनाशक, खरपतवारनाशक व फफूंदनाशक बरामद किए गए। इसके साथ ही नुवान (100 मिलीलीटर) की 51 बोतलें भी मिलीं, जिस पर भारत सरकार ने 8 अगस्त 2018 से प्रतिबंध लगा रखा है।
कृषि विभाग के उप संचालक डॉ. एस.के. निगम ने बताया कि प्रतिष्ठान अपने लाइसेंस में दर्ज कंपनियों के अलावा अन्य कंपनियों के कीटनाशकों का भंडारण व विक्रय कर रहा था, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कृषि विभाग अधिकारी जयपाल सिंह राठौर ने कृषि केंद्र संचालक राकेश तिवारी के खिलाफ मझगंवा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। यह एफआईआर कीटनाशक अधिनियम 1968 की धारा 29(1)(a), 29(1)(d) और 29(2) के तहत दर्ज की गई है।
Tags
jabalpur
