दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारत लक्ष्य के करीब पहुंचकर दबाव में आ गया है। वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में न्यूजीलैंड द्वारा दिए गए 301 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 44 ओवर में 5 विकेट पर 257 रन बना लिए हैं। क्रीज पर केएल राहुल और हर्षित राणा मौजूद हैं, जबकि भारत को जीत के लिए 44 रन की जरूरत है।
भारत की पारी में तेज गेंदबाज काइल जैमिसन न्यूजीलैंड के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा (26 रन) को आउट करने के बाद 40वें ओवर में विराट कोहली (93 रन) और रवींद्र जडेजा (4 रन) को पवेलियन भेजा। इसके बाद 42वें ओवर की पहली गेंद पर श्रेयस अय्यर (49 रन) को बोल्ड कर भारत को बड़ा झटका दिया। कप्तान शुभमन गिल (56 रन) को आदित्य अशोक ने आउट किया।
इस मुकाबले में विराट कोहली ने एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की। पारी के दौरान 42 रन बनाते ही वह इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए और श्रीलंका के कुमार संगकारा को पीछे छोड़ दिया। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर हैं। वहीं रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने क्रिस गेल के 328 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 329 छक्के पूरे किए।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारतीय टीम के सामने न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 300 रन बनाए। कीवी टीम की ओर से डेरिल मिचेल ने 84, हेनरी निकोल्स ने 62 और डेवोन कॉन्वे ने 56 रन की अहम पारियां खेलीं। भारत के लिए मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा ने दो-दो विकेट झटके, जबकि कुलदीप यादव को एक सफलता मिली।
मैच अब बेहद रोमांचक मोड़ पर है, जहां भारत जीत के करीब है तो न्यूजीलैंड अंतिम ओवरों में वापसी की कोशिश में जुटा हुआ है।
Tags
national
