चाइनीज मांझा बना जानलेवा: आधे घंटे में दो बाइक सवारों का गला कटा, टाइल्स ठेकेदार की मौत; नीट छात्र की सर्जरी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर में चाइनीज मांझे का खौफनाक चेहरा एक बार फिर सामने आया है। महज आधे घंटे के भीतर दो बाइक सवार युवक इसकी चपेट में आ गए। एक युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर निजी अस्पताल में भर्ती है।

पहली घटना रविवार शाम करीब साढ़े 5 बजे खजराना ब्रिज के पास हुई। बिचौली मर्दाना स्थित ओम साई विहार कॉलोनी निवासी रघुवीर धाकड़ बाइक से घर लौट रहे थे, तभी शकुंतला अस्पताल के पास चाइनीज मांझे से उनका गला कट गया। राहगीरों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक रघुवीर टाइल्स लगाने का ठेकेदारी काम करता था और छुट्टी के दिन भी एक साइट देखने गया था। बताया गया कि रघुवीर पहले ही पारिवारिक त्रासदी झेल चुके थे—दो साल पहले उनके एक बेटे की पानी में डूबने से मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा बेटा साहिल पढ़ाई कर रहा है। तिलक नगर टीआई मनीष लोधा ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है।

इसी दौरान करीब साढ़े 5 बजे ही सपना-संगीता रोड पर नीट की तैयारी कर रहे नरेंद्र जामोद का भी चाइनीज मांझे से गला कट गया। नरेंद्र अपने दोस्त अनिल चौहान के साथ बाइक से घर लौट रहा था। घायल हालत में अनिल उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसकी सर्जरी की गई। नरेंद्र मूल रूप से धार जिले के देहरी के पास का रहने वाला है और इंदौर में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहा है।

चाइनीज मांझे का खतरा इंदौर तक सीमित नहीं रहा। छिंदवाड़ा जिले में रविवार को घर के बाहर खेल रहे 9 वर्षीय अथर्व कराड़े का कान चाइनीज मांझे से कट गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों को उसके कान में 43 टांके लगाने पड़े। बच्चे को फिलहाल निगरानी में रखा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post