MP News: बीजेपी ने शुरू की 'सहयोग सेल', कार्यकर्ताओं की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। 22 साल से मध्यप्रदेश में सत्ता में काबिज बीजेपी अब अपने कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर करने और उनके मुद्दों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए नई व्यवस्था लेकर आई है। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर प्रदेश कार्यालय में ‘सहयोग सेल’ की शुरुआत की गई है।

सहयोग सेल का उद्देश्य प्रदेश कार्यालय में आने वाले कार्यकर्ताओं और नेताओं की भीड़ को कम करना और उनके समस्याओं का समाधान करना है। इसमें प्रदेश संयोजक और जिला संयोजक नियुक्त किए जाएंगे, साथ ही रिटायर्ड आईएएस अधिकारियों को भी शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। जिला कार्यालयों में पदाधिकारियों के बैठने के दिन तय किए जाएंगे ताकि कार्यकर्ता सीधे अपने मुद्दे रख सकें।

जिला स्तर पर आने वाली समस्याओं का समाधान संबंधित प्रशासनिक विभागों और जिला पदाधिकारियों द्वारा किया जाएगा। जिन मामलों का निराकरण जिला स्तर पर नहीं हो पा रहा, उन्हें प्रदेश कार्यालय की सहयोग सेल तक भेजा जाएगा। इसके साथ ही, प्रदेश कार्यालय में मंत्री भी रोज दो घंटे बैठकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और उनके मुद्दों को सुनेंगे।

सहयोग सेल पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के बीच संवाद, समन्वय और समस्याओं के समाधान का स्थायी माध्यम बनेगी। सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे इस व्यवस्था की पूरी जानकारी जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं तक पहुंचाएं। इसके तहत प्रत्येक जिले से एक जिला सहयोग समन्वयक भी नामांकित किया जाएगा, जो प्रदेश कार्यालय से समन्वय और अनुवर्ती कार्यवाही का दायित्व निभाएगा।

इस नई व्यवस्था से कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान त्वरित होगा और प्रदेश संगठन में समन्वय और अनुशासन की स्थिति मजबूत होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post