इंदौर में 13 साल के बच्चे की निर्मम हत्या: गला घोंटा, चेहरे पर ईंट से हमला; शव पलंग पेटी में छिपाया, ऊपर बीमार दादी को सुलाया

दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। शहर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 13 वर्षीय बच्चे की पहले नॉयलॉन की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई, फिर चेहरे पर ईंट से हमला किया गया। हत्या को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को पलंग पेटी में रख दिया और उसके ऊपर बीमार दादी को सुला दिया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरा फरार है।

छत पर की गई हत्या, फ्लैट में छिपाया शव

पुलिस के अनुसार वारदात शनिवार को बच्चे के घर से करीब 30 मीटर दूर स्थित छह मंजिला इमारत की छत पर हुई। हत्या के बाद शव को चौथी मंजिल के एक फ्लैट में छिपा दिया गया।

एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह ने बताया कि बच्चा आठवीं कक्षा में पढ़ता था। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे वह घर के बाहर से लापता हो गया था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई।

सीसीटीवी से खुला राज

सीसीटीवी फुटेज में बच्चा एक बिल्डिंग में जाते हुए दिखाई दिया। परिजनों और पुलिस ने जब इमारत की तलाशी ली तो छत पर खून से सना उसका जैकेट मिला। मल्टी के पीछे कचरे के ढेर से उसका बैग भी बरामद हुआ।
इसके बाद तलाशी के दौरान एक फ्लैट में पलंग पेटी के अंदर से बच्चे का शव मिला।

तलाशी में साथ घूमता रहा आरोपी

टीआई सीबी सिंह ने बताया कि जब पुलिस बच्चे की तलाश कर रही थी, तब आरोपी रेहान (21) भी पुलिस के साथ घूम रहा था। उसके हाव-भाव संदिग्ध लगे। पूछताछ करने पर वह पहले चुप रहा। सख्ती से पूछताछ के बाद उसने शव पलंग पेटी में छिपाने की बात कबूल कर ली। रेहान के साथ उसका दोस्त रिजवान भी था, जो फिलहाल फरार है।

हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं

पुलिस के अनुसार अभी हत्या का कारण सामने नहीं आया है। आरोपी रेहान के बड़े भाई पर भी हत्या का मामला दर्ज है और वह पांच साल से जेल में बंद है। इस एंगल से भी जांच की जा रही है।

रात में सुनाई दी थी ‘बचाओ-बचाओ’ की आवाज

रहवासी समीन खान ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे किसी महिला की “बचाओ-बचाओ” की आवाज सुनी थी। पुलिस ने उस समय जांच की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
सुबह छत पर महिलाओं और बच्चों ने खून से सना जैकेट देखा। छत पर तीन-चार जगह खून के धब्बे मिले, जिन्हें साफ करने की कोशिश की गई थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post