Jabalpur News: सड़कों पर भटकता चीतल, पार्षद बोले- सूचना देने के बाद भी नहीं पहुंची रेस्क्यू टीम

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में बढ़ती आबादी और जंगलों से सटे इलाकों के सिमटने के कारण अब जंगली जानवर भी रिहायशी क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं। जबलपुर के महाराणा प्रताप वार्ड अंतर्गत धनवंतरी नगर क्षेत्र में बीते तीन दिनों से एक चीतल जंगल से भटककर रहवासी इलाके में घूम रहा है।

चीतल के लगातार सड़कों पर घूमने से जहां स्थानीय नागरिक दहशत में हैं, वहीं उसकी जान पर भी खतरा मंडरा रहा है। क्षेत्रवासियों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, लेकिन तीन दिनों बाद भी रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची।

पार्षद जीतू कटारे ने बताया कि चीतल पहले परसवाड़ा से लगे जंगल क्षेत्र में नजर आता था, लेकिन अब रिहायशी इलाके में आ गया है। इसकी जानकारी पुलिस और वन विभाग दोनों को दी गई, इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूरन मामले से कलेक्टर को अवगत कराया गया है।

आवारा कुत्तों से चीतल को खतरा


पार्षद और रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में घूम रहे आवारा कुत्तों से चीतल को लगातार खतरा बना हुआ है। आशंका है कि यदि जल्द रेस्क्यू नहीं किया गया तो चीतल या तो सड़क दुर्घटना का शिकार हो सकता है या कुत्तों द्वारा घायल कर दिया जाएगा।

फिलहाल क्षेत्रीय नागरिक स्वयं निगरानी रखकर चीतल की सुरक्षा कर रहे हैं और वन विभाग से मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post