Jabalpur News: नौकरानी ने 12 लाख के जेवर चुराकर बेचे थे ज्वेलर्स की दुकान में, जेवर चोरी करने वाली नौकरानी एवं चुराये हुये जेवर खरीदने वाला सुनार गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना संजीवनी नगर पुलिस ने एक संगठित चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए नौकरानी मनीषा कहार और जेवर खरीदने वाले सुनार विपिन उर्फ अभिषेक सोनी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, जिनकी कीमत लगभग 12 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है, भी बरामद कर मामले को सुलझाया।

पुलिस के अनुसार मयंक सिंह ठाकुर ने 19 जनवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी पत्नी नेहा ठाकुर के सोने-चांदी के जेवर सूटकेश और आलमारी से चोरी हो गए हैं। सीसीटीवी फुटेज की जांच में नौकरानी मनीषा कहार को जेवर चोरी करते हुए पाया गया। मनीषा ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह 2025 से चोरी कर रही थी और चोरी किए गए जेवर एकता मार्केट (गौर) स्थित विपिन उर्फ अभिषेक सोनी को बेच देती थी।

संजीवनी नगर थाना प्रभारी बी.डी. द्विवेदी के नेतृत्व में गठित टीम ने मनीषा कहार को गिरफ्तार कर उसके पास से 3 जोड़ी चांदी की पायल और घटना में प्रयुक्त मोबाइल जप्त किया। इसके बाद विपिन सोनी को दबिश देकर गिरफ्तार किया गया और उसके पास से 70 ग्राम सोने के विभिन्न जेवर बरामद किए।

दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर मनीषा कहार को जेल भेजा गया, जबकि सुनार विपिन सोनी से अन्य चोरी गए सामान की जानकारी जुटाने के लिए रिमांड पर पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post