दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र के दुर्गा नगर झंडा चौक में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ऐश्वर्य नाहर ने अपने एक साथी के साथ मिलकर मोहित समुद्रे नामक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मोहित को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित मोहित समुद्रे और आरोपी ऐश्वर्य नाहर के बीच करीब एक माह पहले 14 दिसंबर को वाहन साइड में लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इस मामले की शिकायत घमापुर थाने में की गई थी, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर सुलह करा दी थी और भविष्य में विवाद न करने की हिदायत दी थी।
समझौते के बावजूद आरोपी के मन में रंजिश बनी रही। 9 जनवरी को जब मोहित दुर्गा नगर झंडा चौक के पास मौजूद था, तभी ऐश्वर्य नाहर अपने साथी के साथ वहां पहुंचा और मोहित को घेर लिया। आरोपियों ने उसकी पीठ, हाथ और पैरों पर चाकुओं से कई वार किए, जिससे मोहित लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन घायल मोहित को लेकर घमापुर थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल भिजवाया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
