दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए बदमाशों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। चांदमारी पहाड़ी क्षेत्र में एक युवती को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवती को बंधक बनाकर कई बार उसका शारीरिक शोषण किया।
रास्ते से किया अपहरण, पहाड़ी पर ले गए आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 21 जनवरी की है। पीड़िता अपने घर से बहन के घर पनागर जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान कंचनपुर आजाद नगर निवासी हर्ष कुशवाहा और उसका साथी कन्हैया ठाकुर बाइक पर खड़े होकर उसका रास्ता रोककर उसे धमकाने लगे। मारपीट करते हुए आरोपियों ने जबरन युवती को बाइक पर बैठाया और चांदमारी पहाड़ी की ओर ले गए।
बंधक बनाकर किया दुष्कर्म
पनागर टीआई विपिन ताम्रकार के अनुसार, आरोपियों ने पहाड़ी पर युवती को बंधक बना लिया। मुख्य आरोपी हर्ष कुशवाहा ने पीड़िता के साथ कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता दर्द और दहशत के कारण बेहोश हो गई, तो आरोपी उसके चेहरे पर पानी छिड़ककर दोबारा होश में लाते और फिर उसके साथ दरिंदगी करते रहे।
चंगुल से भागकर थाने पहुँची पीड़िता
किसी तरह आरोपियों के चंगुल से जान बचाकर पीड़िता भागने में सफल रही और सीधे घमापुर थाने पहुँची। युवती की शिकायत पर पुलिस ने जीरो पर मामला दर्ज किया। घटना का प्रारंभिक स्थल पनागर थाना क्षेत्र में होने के कारण केस डायरी आगे की कार्रवाई के लिए पनागर पुलिस को भेज दी गई है।
पुरानी रंजिश और वर्षों से कर रहा था प्रताड़ित
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी हर्ष कुशवाहा पिछले करीब 5 वर्षों से पीड़िता को परेशान कर रहा था। युवती उसकी हरकतों को लगातार नजरअंदाज करती रही, लेकिन इस बार आरोपियों ने अपहरण जैसी गंभीर वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Tags
jabalpur
