दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। चांदी ने 6 जनवरी को नया इतिहास रचते हुए ऑल टाइम हाई स्तर को छू लिया। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, सुबह के कारोबार में एक किलो चांदी की कीमत ₹7,725 बढ़कर ₹2,44,788 हो गई। हालांकि कारोबार बंद होने तक इसमें हल्की नरमी आई और भाव ₹6,087 की बढ़त के साथ ₹2,43,150 प्रति किलो पर बंद हुआ। इससे एक दिन पहले चांदी ₹2,37,063 प्रति किलो पर थी।
सोने की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली। 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹492 बढ़कर ₹1,36,660 पर पहुंच गया, जबकि इससे पहले इसका भाव ₹1,36,168 था। गौरतलब है कि सोना 29 दिसंबर 2025 को ₹1,38,161 के ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंच चुका है।
पिछले साल यानी 2025 में कीमती धातुओं ने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया। पूरे साल में सोने की कीमत ₹57,033 यानी करीब 75% बढ़ी। 31 दिसंबर 2024 को जहां 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹76,162 का था, वहीं 31 दिसंबर 2025 को यह ₹1,33,195 पर पहुंच गया। वहीं चांदी ने इससे भी ज्यादा तेजी दिखाई और सालभर में ₹1,44,403 यानी लगभग 167% की बढ़त दर्ज की। 31 दिसंबर 2024 को चांदी ₹86,017 प्रति किलो थी, जो 2025 के अंत तक ₹2,30,420 प्रति किलो हो गई।
विशेषज्ञों के मुताबिक सोने में तेजी की प्रमुख वजहें डॉलर की कमजोरी, वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और केंद्रीय बैंकों की बढ़ती खरीदारी हैं। अमेरिकी ब्याज दरों में कटौती से डॉलर कमजोर हुआ, जिससे सोने की होल्डिंग कॉस्ट घटी और निवेश बढ़ा। वहीं रूस-यूक्रेन युद्ध और वैश्विक अनिश्चितता के चलते निवेशक सोने को सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं। इसके अलावा चीन जैसे देश अपने रिजर्व में भारी मात्रा में सोना जोड़ रहे हैं।
चांदी की कीमतों में उछाल के पीछे इंडस्ट्रियल डिमांड बड़ा कारण मानी जा रही है। सोलर पैनल, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक वाहनों में चांदी के बढ़ते इस्तेमाल ने इसकी मांग को नई ऊंचाई दी है। इसके साथ ही अमेरिका में संभावित टैरिफ को लेकर डर के चलते कंपनियां चांदी का भारी स्टॉक जमा कर रही हैं, जिससे वैश्विक सप्लाई दबाव में है। मैन्युफैक्चरर्स भी प्रोडक्शन रुकने की आशंका के चलते पहले से खरीदारी कर रहे हैं।
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का कहना है कि चांदी की मांग फिलहाल मजबूत बनी हुई है और आने वाले समय में इसमें और तेजी संभव है। उनके अनुसार इस साल चांदी ₹2.75 लाख प्रति किलो तक जा सकती है। वहीं सोने की मजबूत मांग को देखते हुए इसके दाम भी साल के अंत तक ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर सकते हैं।
Tags
national
